Target News
चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने आज एक तरफ तो राज्य के युवाओं के लिए अच्छी खबर का ऐलान किया और वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजा वडिंग को झूठा बता कर अच्छी क्लास लगाई।
10 नवंबर को 596 युवाओं को देंगे नियुक्ति पत्र
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 10 नवंबर को युवाओं को दिवाली का तोहफा देंगे। सीएम ने ट्वीट कर लिखा कि कल 10 नवंबर 2023, शुक्रवार को विभिन्न विभागों के 596 युवक-युवतियों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
राजा वडिंग हैं झूठे
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज अपने झूठे, अभद्र और मनघडंत बयानों के जरिए लोगों को गुमराह करने के लिए राज्य कांग्रेस अध्यक्ष अमरेन्द्र सिंह राजा वडिंग को ‘झूठा’ बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा वडिंग मीडिया के सामने विवाद पैदा करने के लिए तथ्यों को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य के हितों की रक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर किया है।
हलफनामे का हवाला देते हुए भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार ने हलफनामे में कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा 40 वर्र्षों तक दिए गए प्रोत्साहन के कारण राज्य में धान की कृषि को अपनाया गया है, जिसके कारण किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हलफनामे में आगे कहा गया है कि धान के बजाए अन्य फसलों की खेती करके फसल चक्र और कृषि विविधिकरण के लिए किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य सुनिश्चित करने के अलावा अन्य प्रोत्साहन भी दिए जाएंगे ताकि किसानों को अन्य फसलों की कृषि के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अनुरोध किया था कि किसानों को फसल चक्र से बाहर लाने के लिए एक स्थाई रणनीति की आवश्यकता होगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन पहलों के कार्यान्वयन से फसल अवशेषों के प्रबंधन में बहुत मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा वडिंग अपने हितों के अनुरुप शपथ पत्र का हवाला दे रहे हैं, जो कांग्रेस विधायक के गैर-गंभीर रवैये को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को याद रखना चाहिए कि बस कंपनियों के लिए पत्र लिखने और सुप्रीम कोर्ट में राज्य के हितों की रक्षा के लिए पत्र लिखने में बहुत अंतर है।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि गंभीरता की कमी और जल्दबाजी ने कांग्रेस पार्टी की नैया डुबो दी है।