Target News
जम्मू कश्मीर । राजवीर दीक्षित
पर्यटन स्थल गुलमर्ग समेत जम्मू कश्मीर के कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। हिमपात के चलते सैलानियों के चेहरे खिल गए हैं। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में भी खुशी का माहौल है। बर्फबारी के बाद पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आमद बढ़ जाती है।
पर्यटन स्थल गुलमर्ग बर्फ की सफेद चादर में ढक गया है। साधना टॉप, जेड गली, राजधान पास, सिंथन टॉप, मर्गन टॉप, पीर की गली, फरकियां टॉप के साथ-साथ पीर पंजाल की पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई। इसके अलावा सोनमर्ग, अफरवट और तोसा मैदान में भी हलकी बर्फबारी दर्ज की गई।
रामबन के मेहाड़ में पहाड़ियों से पस्सियां गिरने के चलते जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यातायात रोक दिया गया है। जम्मू कश्मीर ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को इस मार्ग पर अगले आदेश तक यात्रा न करने की सलाह दी है।
बिगड़े मौसम के मिजाज ने पहाड़ों को फिर बर्फ से लकदक कर दिया है। जिला उधमपुर के पर्यटन स्थल नत्थाटॉप में ताजा बर्फबारी हुई है। कल शनिवार और फिर रविवार को दिवाली का पर्व है। ऐसे में जम्मू संभाग के सैलानी बड़ी संख्या में नत्थाटॉप पहुंच सकते हैं। उधमपुर की तहसील चिनैनी में बारिश होने और हवाएं चलने से तापमान में काफी गिरावट आई है।
जिला पुंछ और राजोरी को कश्मीर घाटी के शोपियां जिले से जोड़ने वाले मुगल रोड पर ताजा बर्फबारी हुई है। इसके चलते इस मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया है।
राजदान टॉप पर ताजा बर्फबारी के बाद 85 किलोमीटर लंबी बांदीपोरा-गुरेज सड़क को अस्थायी रूप से यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। राजदान टॉप, तुलैल समेत गुरेज घाटी के ऊंचाई वाले कुछ हिस्सों में भी ताजा बर्फबारी हुई है।