चंडीगढ़।राजवीर दीक्षित
Nature’s Miracle: 114-Year-Old Woman’s Teeth Grow Again, Denied Government Benefits Due to Missing Fingerprints पंजाब के होशियारपुर जिले से कुदरत के एक अनोखे करिश्मे की खबर सामने आई है। तलवाड़ा इलाके के गांव दरवाली कलां में रहने वाली 114 वर्षीय बुजुर्ग महिला धर्मो देवी के मुंह में इस उम्र में दोबारा दांत निकलने शुरू हो गए हैं। जहां परिवार इसे भगवान की विशेष कृपा और चमत्कार मान रहा है, वहीं दूसरी ओर बुजुर्ग महिला सरकारी सुविधाओं से वंचित होने के कारण परेशान है।
धर्मो देवी के बेटे बिशन सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि उनकी मां की उम्र करीब 114 साल है और परिवार के लिए यह खुशी की बात है कि इतनी अधिक उम्र में भी मां उनके साथ हैं। लेकिन उम्र अधिक होने के कारण उनके हाथों की लकीरें लगभग मिट चुकी हैं, जिसकी वजह से उनका फिंगरप्रिंट बायोमेट्रिक मशीन में काम नहीं करता।
फिंगरप्रिंट न लग पाने के कारण उन्हें मिलने वाला सरकारी राशन और अन्य सरकारी सुविधाएं बंद हो गई हैं। इतना ही नहीं, सरकार द्वारा चलाई जा रही 10 लाख रुपये की स्वास्थ्य बीमा योजना का कार्ड भी इसी तकनीकी समस्या के कारण नहीं बन पा रहा है।
परिवार का कहना है कि बुजुर्ग महिला इस बात से काफी भावुक हो जाती हैं कि जब सरकार सभी को सुविधाएं दे रही है, तो उन्हें उनका हक क्यों नहीं मिल रहा।
यह मामला एक बड़ा सवाल खड़ा करता है कि अगर किसी बुजुर्ग के शरीर में उम्र के कारण बदलाव आ जाते हैं और फिंगरप्रिंट काम नहीं करते, तो सिस्टम में ऐसे लोगों के लिए अलग व्यवस्था होनी चाहिए ताकि उन्हें सरकारी दफ्तरों और सेवा केंद्रों के चक्कर न लगाने पड़ें।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस 114 साल की बुजुर्ग महिला की समस्या का समाधान करता है या फिर तकनीकी खामियों के कारण यह मामला यूं ही अधर में लटका रहेगा।
















