चंडीगढ़ । द टारगेट न्यूज़ डेस्क
On a mechanic’s advice, the bike kept running all night; by morning the entire family was dead. आंध्र प्रदेश के अन्नामैया जिले के पुंगनूर कस्बे से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां घर के अंदर पूरी रात मोटरसाइकिल का इंजन चलने से निकले जहरीले धुएं ने एक ही परिवार के चार लोगों की जान ले ली। इस हादसे में 70 वर्षीय रामचंद्रैया, उनका 15 वर्षीय पोता कार्तिक और 8 साल की जुड़वां पोतियां चरिता और चंदना की दम घुटने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मुरली नाम का व्यक्ति, जो पेशे से हेयर सैलून चलाता है, शनिवार को अपनी मोटरसाइकिल को मैकेनिक के पास ठीक करवाने गया था। मैकेनिक ने बाइक का बोर-पिस्टन बदलने के बाद उसे सलाह दी कि नया पिस्टन सही तरीके से सेट होने के लिए बाइक का इंजन पूरी रात चालू रखना होगा। मुरली ने मैकेनिक की बात मानते हुए घर के अंदर ही बाइक स्टार्ट कर दी और खिड़कियां व दरवाजे बंद कर दिए।
इसके बाद मुरली और उसकी पत्नी रेवती छत पर सोने चले गए, जबकि घर के कमरे में मुरली के पिता और तीनों बच्चे सो रहे थे। रातभर बाइक से निकलने वाला धुआं पूरे घर में फैलता रहा। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि धुएं में मौजूद कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के कारण चारों की नींद में ही दम घुटने से मौत हो गई।
रविवार सुबह घटना का पता चलने पर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।



















