Home Chandigarh पंजाब में बारिश-तूफान का अलर्ट, 7 जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी

पंजाब में बारिश-तूफान का अलर्ट, 7 जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी

चंडीगढ़ | राजवीर दीक्षित

(Rain and Storm Alert in Punjab: Warning of Lightning in) पंजाब में एक ओर जहां गर्मी तेजी से बढ़ रही है, वहीं दूसरी तरफ मौसम ने अचानक करवट ले ली है। India Meteorological Department (मौसम विभाग) ने आज राज्य के कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। इस अचानक बदले मौसम का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ सकता है, क्योंकि इस समय गेहूं की फसल कटाई के करीब है। तेज हवाएं और बारिश फसल को गिरा सकती हैं, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो सकते हैं।

किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम को ध्यान में रखते हुए ही फसल की कटाई और भंडारण करें। हालांकि राहत की बात यह है कि 18 से 22 अप्रैल तक मौसम के फिर से साफ और शुष्क रहने की संभावना है।

इस बीच तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है। बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है।

बठिंडा सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं लुधियाना, पटियाला और फरीदकोट में भी तापमान 39 डिग्री के पार दर्ज किया गया। बढ़ती गर्मी और बदलते मौसम ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।

Translate »
error: Content is protected !!