चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Never Do These Things After Sunset! Poverty May Enter the Home, Mental Stress Can Increase”) वास्तु शास्त्र के अनुसार सूर्यास्त का समय बेहद संवेदनशील और ऊर्जावान माना जाता है। मान्यता है कि इस समय घर का वातावरण एक विशेष ऊर्जा क्षेत्र में बदल जाता है, जिसका सीधा असर घर की सुख-समृद्धि और आर्थिक स्थिति पर पड़ता है। ऐसे में शाम के वक्त की गई छोटी-छोटी गलतियां भी घर की बरकत रोक सकती हैं। अगर खूब मेहनत करने के बावजूद आपके घर में पैसा नहीं टिकता, तो कहीं न कहीं ये वास्तु दोष इसकी वजह हो सकते हैं।
सबसे पहले बात करें शाम को झाड़ू लगाने की। वास्तु के मुताबिक सूर्य ढलने के बाद झाड़ू लगाना अशुभ माना जाता है। कहा जाता है कि झाड़ू मां लक्ष्मी का प्रतीक होती है और शाम के समय सफाई करने से घर की लक्ष्मी बाहर चली जाती है। जरूरत पड़ने पर कूड़ा एक कोने में इकट्ठा करें और सुबह बाहर फेंकें।
इसके अलावा सूर्यास्त के बाद किसी को पैसे उधार देना भी सही नहीं माना जाता। मान्यता है कि इससे घर की धन-संपत्ति और बरकत धीरे-धीरे कम होने लगती है। वास्तु विशेषज्ञों के अनुसार शाम का समय धन रोककर रखने का होता है, बांटने का नहीं।
शाम के समय दूध, दही, नमक या अन्य सफेद चीजों का दान करना भी अशुभ बताया गया है। इन चीजों का संबंध शुक्र और चंद्रमा से माना जाता है, जो सुख-शांति और समृद्धि के प्रतीक हैं। ऐसे में इनका दान आर्थिक तंगी ला सकता है।
वहीं तुलसी के पौधे को भी सूर्यास्त के बाद छूना या उसके पत्ते तोड़ना मना माना गया है। शाम के समय केवल तुलसी के पास दीपक जलाना शुभ माना जाता है।
इसके साथ ही घर के मुख्य दरवाजे पर अंधेरा रखना भी नकारात्मक ऊर्जा को बुलावा देता है। इसलिए सूर्यास्त होते ही घर के मंदिर और मुख्य द्वार पर रोशनी जरूर करें, ताकि घर में सकारात्मक ऊर्जा और खुशहाली बनी रहे।



















