Home Chandigarh बंदी सिखों की रिहाई को लेकर आंदोलन तेज, 2 घंटे तक टोल...

बंदी सिखों की रिहाई को लेकर आंदोलन तेज, 2 घंटे तक टोल रहा फ्री

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Protest Over Bandi Sikhs’ Release Intensifies, Toll Plaza Remains Toll-Free for Two Hours”) बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर पंजाब में आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा पर कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से दो घंटे तक प्रदर्शन किया गया, जिसके चलते टोल प्लाजा को आम लोगों के लिए पूरी तरह टोल फ्री कर दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में वाहन बिना किसी शुल्क के टोल प्लाजा से गुजरते रहे।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से केंद्र सरकार के सामने बंदी सिखों की रिहाई की मांग रखी जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी के विरोध में कौमी इंसाफ मोर्चा ने यह प्रतीकात्मक आंदोलन किया और सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास किया।

मोर्चा के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि 4 जुलाई को राजपुरा में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक रेल रोको आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद भी यदि बंदी सिखों की रिहाई नहीं होती है तो 15 अगस्त को राज्यपाल निवास के घेराव की तैयारी की जाएगी।

इस बीच बंदी सिखों की रिहाई के समर्थन में भाई हरमिंदर सिंह द्वारा श्री अकाल तख्त साहिब से शुरू की गई पैदल यात्रा भी चर्चा का विषय बनी हुई है। यह यात्रा श्री हजूर साहिब तक जाएगी और रास्ते में संगतों का समर्थन प्राप्त कर रही है। विभिन्न सिख संगठनों ने भी इस शांतिपूर्ण अभियान का समर्थन करते हुए इसे समुदाय की भावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताया है।

लाडोवा0ल टोल प्लाजा पर हुए इस प्रदर्शन ने एक बार फिर बंदी सिखों की रिहाई के मुद्दे को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। आने वाले दिनों में आंदोलन के और तेज होने की संभावना जताई जा रही है, जिस पर पूरे पंजाब की नजर बनी हुई है।

Translate »
error: Content is protected !!