चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Punjab Weather Update: New Forecast for July 6, 7 & 8; IMD Issues Yellow Alert “) पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 6, 7 और 8 जुलाई को पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले 5 जुलाई के लिए भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं, आंधी, बिजली चमकने और बारिश की चेतावनी दी गई थी।
मौसम विभाग के अनुसार 6 जुलाई से मानसून और अधिक सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते कई इलाकों में लगातार बारिश देखने को मिल सकती है। 6 से 8 जुलाई के बीच कुछ जिलों में भारी बारिश होने के आसार हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।
शनिवार को पंजाब के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट देखने को मिली, हालांकि कुछ इलाकों में गर्मी का असर अब भी बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब में सबसे अधिक अधिकतम तापमान अबोहर में 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा के सिरसा में 38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
रविवार को भी कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। इसके बाद सोमवार से बारिश का दौर और तेज़ हो सकता है, जो 8 जुलाई तक जारी रहने की उम्मीद है। ऐसे मौसम में खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें तथा यात्रा से पहले मौसम का ताज़ा अपडेट अवश्य देखें। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



















