Home Chandigarh पंजाब की राजनीति में एक और पार्टी की एंट्री! 2027 विधानसभा चुनाव...

पंजाब की राजनीति में एक और पार्टी की एंट्री! 2027 विधानसभा चुनाव लड़ेगी, इस राज्य में चला रही है सरकार

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Another Political Party Enters Punjab Politics! Set to Contest the 2027 Assembly Elections; Already Governing This State “) पंजाब की राजनीति में एक नया राजनीतिक मोड़ देखने को मिल रहा है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली जनता दल (यूनाइटेड) यानी जेडीयू ने अब पंजाब की राजनीति में अपनी आधिकारिक एंट्री का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव पूरे दमखम के साथ लड़ेगी और राज्य में खुद को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करने की कोशिश करेगी।

पार्टी के पंजाब प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि जेडीयू पंजाब में विकास, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मैदान में उतरी है। उनके अनुसार, पंजाब को ऐसी सरकार की जरूरत है जो ईमानदार, जवाबदेह और साफ-सुथरे प्रशासन के साथ युवाओं, किसानों, उद्योगपतियों और आम जनता की उम्मीदों पर खरी उतर सके। उन्होंने दावा किया कि जेडीयू इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और प्रदेश में अपनी मजबूत संगठनात्मक मौजूदगी बनाएगी।

इस मौके पर पार्टी ने पंजाब प्रदेश की नई कोर कमेटी का भी गठन किया। मलविंदर सिंह को पंजाब प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं गुरपाल सिंह हुंदल को उपाध्यक्ष, आई.एस. आहलूवालिया को महासचिव, संजीव झा को महासचिव (संगठन) और कंवर सिंह ढींढसा को कोर लीडरशिप का प्रमुख सदस्य बनाया गया है।

जेडीयू पहले से ही बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा रहते हुए सरकार चला रही है। अब पार्टी की नजर पंजाब में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने पर है। ऐसे में आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि जेडीयू पंजाब की राजनीति में कितना प्रभाव छोड़ पाती है और 2027 के विधानसभा चुनाव में मतदाताओं का कितना समर्थन हासिल कर पाती है। फिलहाल, पार्टी के इस ऐलान ने राज्य की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

Translate »
error: Content is protected !!