Home Chandigarh कोठी में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या...

कोठी में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Chandigarh Mystery Death: Family Alleges Murder of 18-Year-Old Domestic Worker “) चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित एक कोठी में काम करने वाली 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की रहने वाली तप्ती के रूप में हुई है, जो करीब एक सप्ताह पहले ही घरेलू काम के लिए इस कोठी में रखी गई थी। घटना के बाद परिजनों ने आत्महत्या की थ्योरी को सिरे से खारिज करते हुए हत्या का आरोप लगाया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

परिजनों के अनुसार, तप्ती को कोठी में 24 घंटे रहकर काम करना था और उसे 20 हजार रुपये मासिक वेतन देने की बात कही गई थी। मृतका के जीजा ने बताया कि घटना से एक रात पहले तप्ती ने अपनी बहन को फोन कर कहा था कि उसका वहां मन नहीं लग रहा और उसे परेशान किया जा रहा है। हालांकि उसने पूरी बात बताने से पहले ही फोन काट दिया। इसके बाद जब परिवार ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल बंद मिला।

परिवार का आरोप है कि शनिवार सुबह कोठी के ड्राइवर ने फोन कर बताया कि तप्ती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। लेकिन जब परिजन मौके पर पहुंचे तो शव पहले ही सेक्टर-16 अस्पताल की मॉर्चरी भेजा जा चुका था। उनका कहना है कि पुलिस को सूचना देने से पहले शव को हटाया गया, जिससे कई अहम सबूत प्रभावित हो सकते हैं। परिजनों ने यह भी दावा किया कि युवती के गले पर कपड़ा बंधा हुआ था और उन्हें पूरे घटनाक्रम पर गंभीर संदेह है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच तथा अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मामले ने शहर में सनसनी फैला दी है और हर कोई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।

Translate »
error: Content is protected !!