Home Chandigarh PM मोदी का बड़ा ऐलान! NEET पेपर लीक आरोपियों पर चलेगा सबसे...

PM मोदी का बड़ा ऐलान! NEET पेपर लीक आरोपियों पर चलेगा सबसे बड़ा एक्शन

नई दिल्ली । राजवीर दीक्षित

(PM Modi’s Big Announcement: Strictest Action Yet Against NEET Paper Leak Accused) संसद परिसर में कल हुए CJP प्रदर्शनकारियों के विरोध के बीच आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ सबसे सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह किसी एक सरकार या किसी एक दल का मुद्दा नहीं है, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा विषय है। इसलिए सभी राजनीतिक दलों को मिलकर इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक के बाद बताया कि प्रधानमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि देश के सर्वश्रेष्ठ वकीलों को नियुक्त किया जाए, ताकि अदालत में आरोपियों के खिलाफ मजबूत पैरवी हो सके और उन्हें कठोर सजा दिलाई जा सके।

रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने पेपर लीक की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई की थी और अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य को प्रभावित होने से बचाने के लिए NEET की दोबारा परीक्षा को प्राथमिकता दी गई, जिसे सफलतापूर्वक आयोजित किया गया और परिणाम भी समय पर घोषित किए गए।

प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि जो भी व्यक्ति इस अपराध में दोषी पाया जाएगा, उसे जेल भेजा जाएगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पेपर लीक केवल केंद्र सरकार का मुद्दा नहीं है। देश के किसी भी राज्य में यदि ऐसी घटनाएं होती हैं, तो उनमें शामिल लोगों को समान रूप से सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक या दलगत मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं के भविष्य का सवाल है। इसलिए ऐसी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, जिसमें पेपर लीक की कोई संभावना ही न रहे।

प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं की क्षमता का उदाहरण देते हुए स्काईरूट स्पेस स्टार्टअप का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस कंपनी की टीम की औसत आयु लगभग 28 वर्ष है और इसने अंतरिक्ष क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने सांसदों से देश की सकारात्मक उपलब्धियों को भी जनता के बीच अधिक से अधिक साझा करने का आग्रह किया।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने यह भी कहा कि एनडीए सरकार संसद के मानसून सत्र में सकारात्मक भूमिका निभाएगी और सूचीबद्ध विधेयकों को पारित कराने का प्रयास करेगी। उन्होंने विपक्ष से भी अपील की कि वह युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर राजनीति से ऊपर उठकर सरकार का सहयोग करे।

Translate »
error: Content is protected !!