Home Political राहुल गांधी की ‘बस यात्रा’ को हरी झंडी,कांग्रेस हफ्ते में तैयार करेगी...

राहुल गांधी की ‘बस यात्रा’ को हरी झंडी,कांग्रेस हफ्ते में तैयार करेगी पूरा रोडमैप

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(Rahul Gandhi’s bus tour gets the green light; Congress to prepare the full roadmap within a week) पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की प्रस्तावित ‘बस यात्रा’ को लेकर राहुल गांधी ने सहमति दे दी है। अब पंजाब कांग्रेस को यात्रा का पूरा कार्यक्रम और रूट प्लान तैयार कर एक सप्ताह के भीतर पार्टी नेतृत्व को सौंपना होगा।

सोमवार को पंजाब कांग्रेस प्रभारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नई दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात की। बैठक में पंजाब की राजनीतिक स्थिति के साथ-साथ राहुल गांधी की प्रस्तावित बस यात्रा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

राहुल से मांगा गया यात्रा का समय

बैठक के दौरान भूपेश बघेल ने राहुल गांधी से पंजाब दौरे के लिए समय मांगा। राहुल गांधी ने पंजाब कांग्रेस के साथ बैठक कर यात्रा का पूरा खाका तैयार करने को कहा है। कार्यक्रम मिलने के बाद राहुल गांधी अपनी उपलब्धता के अनुसार इसकी तारीख तय करेंगे।

कांग्रेस की योजना है कि बस यात्रा के जरिए राहुल गांधी पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से सीधे संवाद करें। यात्रा के दौरान कई अन्य वरिष्ठ केंद्रीय नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है।

पंजाब कांग्रेस जल्द करेगी बैठक

भूपेश बघेल के मुताबिक, बस यात्रा के अलावा पंजाब में कांग्रेस के कई अन्य कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। इन कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई जाएगी।

इस बैठक में राहुल गांधी की बस यात्रा का रूट, कार्यक्रम, तारीख और रोडमैप तय किया जाएगा। इसके बाद प्रस्ताव पार्टी हाईकमान को भेजा जाएगा।

चन्नी बोले- अभी दौरा फाइनल नहीं

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से राहुल गांधी के पंजाब दौरे को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अभी दौरा फाइनल नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जब कार्यक्रम तय होगा, तब इस बारे में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

सीएम फेस को लेकर पूछे गए सवाल पर चन्नी ने कहा कि चुनाव आने के बाद तस्वीर साफ होगी।

चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने की तैयारी

राहुल गांधी की बस यात्रा को पंजाब में कांग्रेस के चुनावी अभियान की अहम कड़ी माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व अब संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की तैयारी में जुटा है।

एक सप्ताह के भीतर यात्रा का रोडमैप तैयार होने के बाद यह साफ होगा कि राहुल गांधी पंजाब में किन इलाकों का दौरा करेंगे और कांग्रेस इस अभियान को किस तरह चुनावी रणनीति से जोड़ेगी।

Translate »
error: Content is protected !!