ऊना । राजवीर दीक्षित
(Vehicle carrying pilgrims falls into a gorge in Una; 50 injured)हिमाचल प्रदेश के ऊना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है।पीर निगाह में माथा टेककर लौट रहे हरियाणा के श्रद्धालुओं से भरा 14 टायर वाला मालवाहक वाहन दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया।हादसा पीर निगाह मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर उतराई में हुआ, जहां वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब 50 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं।सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि श्रद्धालु हरियाणा के पानीपत, फतेहाबाद और आसपास के इलाकों से रविवार को पीर निगाह पहुंचे थे। उन्होंने यहां माथा टेकने के साथ लंगर भी लगाया था।
मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं को माता नैना देवी और श्री आनंदपुर साहिब में माथा टेकने के बाद घर वापस लौटना था, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य के साथ-साथ हादसे की जांच भी की जा रही है। घायलों की स्थिति को लेकर प्रशासन की ओर से जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार, घायलों को अस्पताल पहुंचाया; पुलिस जांच में जुटी
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए आसपास से गुजर रहे राहगीर और मौके पर मौजूद अन्य श्रद्धालु तुरंत मदद के लिए आगे आए। लोगों ने घायलों को संभाला और प्राथमिक तौर पर उन्हें राहत देने का प्रयास किया। इसके बाद निजी वाहनों के साथ-साथ 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचते ही घायलों का उपचार शुरू किया गया। वहीं, हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस थाना ऊना की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का जायजा लेने के बाद घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। हादसा कैसे हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी ने सुनाई हादसे की कहानी
रमेश कुमार के मुताबिक, हरियाणा के अलग-अलग क्षेत्रों से श्रद्धालु पीर निगाह में माथा टेकने के लिए एक साथ आए थे। वापसी के दौरान हुए हादसे ने पलभर में खुशी के माहौल को मातम और चीख-पुकार में बदल दिया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनों को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की और राहत कार्य में जुट गए। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पीर निगाह मार्ग पर लगातार हादसे, फिर भी नहीं थम रहा मालवाहकों में श्रद्धालुओं का सफर
पीर निगाह मार्ग पर मालवाहक वाहनों में श्रद्धालुओं की आवाजाही का यह पहला मामला नहीं है। करीब दो सप्ताह पहले भी इसी मार्ग पर मालवाहक वाहन पलटने से हादसा हुआ था, जिसमें कई लोग घायल हुए थे। इससे पहले भी ऐसे वाहन श्रद्धालुओं की सुरक्षा को खतरे में डाल चुके हैं।
लगातार सामने आ रहे हादसों के बावजूद मालवाहक वाहनों में श्रद्धालुओं को ले जाने पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है। नियमों की अनदेखी कर लोगों को मालवाहकों में सफर करवाया जा रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने का खतरा बना रहता है।
एक के बाद एक घटनाओं के बावजूद यदि इसी तरह श्रद्धालुओं को मालवाहकों में ले जाया जाता रहा, तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में पुलिस और प्रशासन की निगरानी और कार्रवाई पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नियमों का सख्ती से पालन करवाना और मालवाहकों में यात्री बैठाने पर प्रभावी कार्रवाई करना अब जरूरी हो गया है।



















