रूपनगर। राजवीर दीक्षित
(Gang breaking into ATMs in Rupnagar busted; two arrested) रूपनगर पुलिस ने एटीएम तोड़कर चोरी की कोशिश करने वाले एक अंतर-जिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर की। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल Swift कार भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 24 और 25 अगस्त की रात मोरिंढा की शुगर मिल रोड स्थित HDFC बैंक के ATM को तोड़ने की कोशिश की गई थी। इस संबंध में 25 अगस्त को थाना सिटी मोरिंढा में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
CCTV और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने तरनतारन निवासी सिमरनजीत सिंह उर्फ अभी (19) और मोगा निवासी कुलविंदर सिंह उर्फ किंदा उर्फ कुल्ला (20) को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी 11 और 12 अगस्त की रात भी ATM तोड़ने की कोशिश में शामिल थे। इस मामले में भी थाना सिटी मोरिंढा में अलग मुकदमा दर्ज है।
पहले करते थे रेकी, फिर रात में वारदात की कोशिश
प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी पहले ATM और उसके आसपास के इलाके की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय मौका देखकर ATM को निशाना बनाने की कोशिश करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल Swift कार बरामद कर ली है। अब पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है कि उन्होंने जिले या अन्य क्षेत्रों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
अन्य वारदातों का भी खुलेगा राज?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और संभावित वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



















