पहले कार से रास्ता रोका, पीछे से स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर; 6 नामजद समेत 20 के खिलाफ केस, हमलावरों की तलाश में छापेमारी
रूपनगर। राजवीर दीक्षित।
(Rapid gunfire at youths in Ropar; one dead, two critically injured) रूपनगर जिले के मोरिंडा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। मुंडियां-ढोलणमाजरा रोड पर क्रूज कार सवार युवकों को कथित तौर पर कई गाड़ियों में आए हमलावरों ने घेर लिया। पहले उनकी कार का रास्ता रोका गया और पीछे से स्कॉर्पियो से टक्कर मारी गई। इसके बाद आरोपियों ने युवकों पर फायरिंग कर दी।
गोलीबारी में सरहाणा गांव निवासी अजय कुमार की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले में 6 लोगों को नामजद करते हुए करीब 20 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
एक दिन पहले हुआ था विवाद
पुलिस को दिए बयान में घायल पुशविंदर सिंह ने बताया कि उसकी और उसके साथियों की चकलां निवासी मनी से पुरानी रंजिश चल रही है। 30 अगस्त को वह अजय कुमार, जतिंदर सिंह और अमनदीप सिंह के साथ मड़ौली कलां में आयोजित छिंज मेले में गया था।
वहां मनी और उसके साथियों से उनका आमना-सामना हो गया। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और हाथापाई हुई। इसके बाद मनी ने अजय को फोन पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पहले रास्ता रोका, फिर पीछे से मारी टक्कर
पुशविंदर के मुताबिक, वारदात के समय वह अजय कुमार, किरणदीप सिंह, हरिंदर सिंह उर्फ लक्की और नट्ट के साथ क्रूज कार में मोरिंडा की तरफ जा रहे थे।
मुंडियां गांव पार करते ही ढोलणमाजरा की ओर से आई ग्रे रंग की आई-20 कार ने उनकी कार के आगे आकर रास्ता रोक दिया। इसी दौरान पीछे से आई सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के कारण पुशविंदर कार से उछलकर खेत में जा गिरा और उसकी दाहिनी टांग में गंभीर चोट आई।
15-20 युवकों ने घेरकर की फायरिंग
शिकायत के अनुसार, कार रुकते ही स्विफ्ट, वरना और अन्य गाड़ियों में सवार करीब 15 से 20 हथियारबंद युवक मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने अजय और किरणदीप को घेरकर पहले मारपीट की और फिर गोलियां चला दीं।
फायरिंग में अजय कुमार को कई गोलियां लगीं। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं किरणदीप सिंह और पुशविंदर सिंह का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
6 नामजद, 14-15 अज्ञात पर केस
इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह ने बताया कि घायल पुशविंदर के बयानों के आधार पर पुलिस ने चकलां निवासी मनी समेत 6 नामजद और 14-15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर छापेमारी की जा रही है। पुलिस वारदात के पीछे की पूरी वजह और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।



















