लुधियाना। राजवीर दीक्षित
(Married woman hangs herself in Punjab; case filed against husband and in-laws) लुधियाना के गुरु अर्जुन देव नगर इलाके में एक विवाहिता ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान मनदीप कौर के रूप में हुई है। घटना के बाद उसके भाई की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर-7 पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से सुसाइड नोट समेत अन्य सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शादी के बाद से प्रताड़ना का आरोप
मृतका के भाई संदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मनदीप कौर की शादी 6 दिसंबर 2014 को अरविंदर कुमार के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति अरविंदर कुमार, ससुर कृष्ण लाल और सास कमलेश रानी कथित तौर पर मनदीप को परेशान करने लगे और उसके साथ मारपीट भी की गई।
परिवार के अनुसार, पति-पत्नी के बीच विवाद को लेकर अदालत में केस भी चल रहा था।
कोर्ट में खर्चा न देने की बात कहने का आरोप
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 3 अप्रैल 2026 को मनदीप केस की सुनवाई के लिए अदालत पहुंची थी। आरोप है कि वहां उसके पति ने उसे खर्चा नहीं देने की बात कही।
भाई का कहना है कि मनदीप ने घर लौटकर उसे इस बारे में बताया था। इसके बाद वह मानसिक तनाव में रहने लगी।
घर में फंदे से लटका मिला शव
परिवार के अनुसार, 4 सितंबर को मनदीप ने घर में छत के पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल से सुसाइड नोट, चुन्नी, कैंची और लकड़ी की टेबल समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पति, सास और ससुर पर FIR
पुलिस ने संदीप कुमार की शिकायत के आधार पर पति अरविंदर कुमार, ससुर कृष्ण लाल और सास कमलेश रानी के खिलाफ BNS की धारा 108 के तहत FIR नंबर 216 दर्ज की है।
पुलिस मामले में सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



















