मोहाली। राजवीर दीक्षित
(Only the Akali Dal can save Punjab from the current crisis: Sukhbir Badal) शिरोमणि अकाली दल की ओर से खरड़ में आयोजित ‘पंजाब बचाओ मिशन’ रैली में पार्टी प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पंजाब में कानून-व्यवस्था, नशे, बढ़ते कर्ज और सरकारी नीतियों को लेकर सवाल उठाते हुए दावा किया कि पंजाब को मौजूदा संकट से अकाली दल ही बाहर निकाल सकता है।
रैली के दौरान सुखबीर बादल ने सत्ता में वापसी पर कई योजनाएं शुरू करने और विकास कार्यों को गति देने के बड़े ऐलान किए।
आटा-दाल स्कीम फिर शुरू करने का ऐलान
सुखबीर बादल ने कहा कि अकाली दल की सरकार के दौरान शुरू की गई आटा-दाल योजना को दोबारा लागू किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पहले योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को रियायती दर पर आटा उपलब्ध कराया जाता था। सत्ता में आने पर योजना का दायरा बढ़ाकर 50 किलो आटा उपलब्ध कराने की बात कही।
बेटियों की शादी के लिए मिलेंगे 1 लाख रुपए
रैली में बादल ने बेटियों की शादी को लेकर भी बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि अकाली दल की सरकार बनने पर पात्र परिवारों की लड़की की शादी के लिए 1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
लाल डोरे के मकानों को मिलेगा मालिकाना हक
गांवों में लाल डोरे के भीतर बने मकानों का मुद्दा उठाते हुए सुखबीर बादल ने कहा कि अकाली दल की सरकार बनने पर ऐसे मकानों के मालिकों को मालिकाना हक दिलाया जाएगा। इसके लिए लोगों को जरूरी दस्तावेज उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया शुरू करने का दावा किया गया।
नयागांव को न्यू चंडीगढ़ से जोड़ने का वादा
सुखबीर बादल ने नयागांव के विकास को लेकर भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि नयागांव को न्यू चंडीगढ़ के साथ जोड़कर आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा। उन्होंने इसे पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के सपने से जोड़ते हुए सत्ता में आने पर इसे पूरा करने की बात कही।
कानून-व्यवस्था को लेकर AAP पर हमला
रैली में सुखबीर बादल ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में गैंगस्टरों का प्रभाव बढ़ा है और लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सरकार की नीतियों और बढ़ते कर्ज को लेकर भी सवाल उठाए।
SGPC को लेकर भी सरकार पर आरोप
सुखबीर बादल ने SGPC से जुड़े मुद्दे को भी रैली में उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल के सत्ता से बाहर होने के बाद SGPC को कमजोर करने के प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि अकाली दल धार्मिक संस्थाओं की मजबूती और पंजाब के हितों के लिए काम करता रहेगा।
रैली के दौरान बादल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से पंजाब में अकाली दल को मजबूत करने का आह्वान किया और दावा किया कि आगामी समय में पार्टी प्रदेश की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाएगी।













