शिमला । राजवीर दीक्षित
(Major change in Himachal’s CBSE schools; new uniform and dress code finalized) हिमाचल प्रदेश में सरकारी सीबीएसई स्कूलों को एक समान और विशिष्ट पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सरकार ने विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म और स्कूल भवनों की रंग योजना को अंतिम रूप दे दिया है। विद्यार्थियों की ड्रेस में ग्रीन थीम को प्राथमिकता दी गई है, जबकि भवनों के लिए ऑलिव ग्रीन और सैंड बेज रंग निर्धारित किए गए हैं। शिक्षकों के लिए भी प्रोफेशनल और औपचारिक ड्रेस कोड तय किया गया है। इसके साथ ही ड्यूटी के दौरान पहचान पत्र पहनना अनिवार्य रहेगा।
नई रंग योजना और ड्रेस कोड से स्कूलों में अनुशासन, एकरूपता और पेशेवर माहौल को बढ़ावा देने की कोशिश की गई है।
शिक्षकों के पहनावे पर भी नियम सख्त
सीबीएसई स्कूलों में सिर्फ विद्यार्थियों की ही नहीं, बल्कि शिक्षकों की पोशाक भी अब निर्धारित होगी। महिला शिक्षिकाओं के लिए हल्का बैंगनी रंग और पुरुष शिक्षकों के लिए हल्का नीला रंग तय किया गया है। ड्रेस कोड में सादगी, शालीनता और प्रोफेशनल लुक को प्राथमिकता दी गई है। स्कूल ड्यूटी के दौरान पहचान पत्र दिखाना भी अनिवार्य रहेगा।
शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में जुटी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विद्यार्थियों को दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने के बजाय घर के आसपास ही अच्छी शिक्षा मिल सके, इसके लिए सीबीएसई स्कूलों का बुनियादी ढांचा मजबूत किया जा रहा है। आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक अवसर देना है।
बुनियादी सुविधाओं पर बड़ा जोर, 5 करोड़ और मिलेंगे
सरकार स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर जोर दे रही है। 80 करोड़ रुपये जारी किए जाने के बाद अब पांच करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा की गई है। इससे लंबित विकास कार्यों को भी रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
शिक्षकों के पहनावे पर अब नए नियम, 1 अक्टूबर से ड्रेस कोड
सरकारी सीबीएसई स्कूलों में अब शिक्षक तय ड्रेस कोड के अनुसार ही स्कूल आएंगे। 1 अक्टूबर से शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड लागू होगा। इसके अलावा दिन में तीन बार उपस्थिति दर्ज कराने की शर्त भी पहले ही निर्धारित की जा चुकी है। छात्रों के लिए ड्रेस कोड अगले सत्र से लागू करने की तैयारी है।



















