चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित
बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए पंजाब सरकार ने निर्देश जारी किए हैं कि जब तक बिलिंग सिस्टम को दुरुस्त नहीं किया जाता, तब तक बढ़े हुए या गलत बिजली बिलों का भुगतान न करने पर किसी भी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
यह फैसला उन उपभोक्ताओं की शिकायतों के बाद लिया गया है, जिन्हें बिलिंग सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ियों के चलते सामान्य से कई गुना अधिक बिजली के बिल प्राप्त हुए हैं।
सोमवार को जारी निर्देशों में PSPCL के डायरेक्टर (डिस्ट्रीब्यूशन) ने माना कि हाल ही में मीटर रीडरों की हड़ताल और SAP/Non-SAP सिस्टम को Oracle आधारित सिस्टम में माइग्रेट करने के कारण कुछ उपभोक्ताओं के बिल औसत या अनुमानित खपत के आधार पर तैयार किए गए।
इसके चलते बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को बढ़े हुए बिजली बिल मिले हैं और PSPCL के फील्ड कार्यालयों में लगातार शिकायतें पहुंच रही हैं।
सरकार ने अब स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऐसे विवादित बिलों के आधार पर किसी भी उपभोक्ता को डिफॉल्टर घोषित कर उसके खिलाफ कार्रवाई न की जाए, जब तक बिलिंग सिस्टम ठीक नहीं हो जाता और गलत बिलों को संशोधित नहीं कर दिया जाता।
एक सरकारी अधिकारी के अनुसार, इस फैसले का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बिलिंग सिस्टम की गलती से पैदा हुए बकाये के कारण किसी उपभोक्ता को बिजली कनेक्शन कटने की परेशानी न झेलनी पड़े।
















