तरनतारन। राजवीर दीक्षित
(Major action at the border! 2 Pakistani intruders shot dead, one fled back) पंजाब के तरनतारन में भारत-पाकिस्तान सीमा पर BSF ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम करते हुए 2 पाकिस्तानी नागरिकों को मार गिराया, जबकि एक अन्य घुसपैठिया फायरिंग के बाद वापस पाकिस्तान की तरफ भाग गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार देर रात करीब 12:30 बजे BOP राजोके के पास की है। खालरा थाना क्षेत्र के राजोके गांव के नजदीक सीमा पार से कुछ संदिग्ध भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे। BSF जवानों ने उन्हें रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वे आगे बढ़ते रहे। इसके बाद जवानों ने फायरिंग की, जिसमें दो घुसपैठियों की मौत हो गई।
BSF के मुताबिक, एक अन्य घुसपैठिया भारतीय सीमा में दाखिल हो चुका था, लेकिन फायरिंग के बाद घबराकर वापस पाकिस्तान की ओर भाग गया। घटना के बाद सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया है।
तरनतारन में पहले भी घुसपैठ पर एक्शन
यह पहली घटना नहीं है जब तरनतारन सेक्टर में सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया गया हो।
9 मार्च 2026 को खेमकरण सेक्टर में BSF ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया था। वह सीमा बाड़ के पास संदिग्ध गतिविधि करते हुए भारतीय क्षेत्र की ओर बढ़ रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से कुछ दवाइयां बरामद हुई थीं।
इससे पहले 12 अगस्त 2024 को दल गांव के पास एक पाकिस्तानी घुसपैठिया BSF की कार्रवाई में मारा गया था। वह अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुआ था और सीमा बाड़ की तरफ बढ़ रहा था।
11 अगस्त 2023 को भी थेकालन गांव के पास एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को BSF ने मार गिराया था। जवानों की चेतावनी के बावजूद उसके आगे बढ़ने पर फायरिंग की गई थी।
2 मई 2021 को खालड़ा गांव के पास भी BSF ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया था। BSF के अनुसार, उसके पास से पाकिस्तानी मुद्रा और तंबाकू बरामद हुआ था।
वहीं 13 फरवरी 2021 को फिरोजपुर सेक्टर में BSF और NCB की कार्रवाई के दौरान एक पाकिस्तानी घुसपैठिया मारा गया था। तलाशी में 14.8 किलो हेरोइन, पिस्टल की मैगजीन और 9 एमएम के 6 कारतूस बरामद होने की बात सामने आई थी।
फिलहाल ताजा घटना को लेकर BSF की ओर से औपचारिक विस्तृत बयान का इंतजार है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे सीमावर्ती इलाके में निगरानी बढ़ा रही हैं।


















