Home Chandigarh चंडीगढ़ में टेंडर आवंटन में गड़बड़ी का आरोप, CBI ने तीन फर्मों...

चंडीगढ़ में टेंडर आवंटन में गड़बड़ी का आरोप, CBI ने तीन फर्मों के मालिकों पर दर्ज की FIR

चंडीगढ़ में टेंडर आवंटन में गड़बड़ी का आरोप, CBI ने तीन फर्मों के मालिकों पर दर्ज की FIR

चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित

चार मैनपावर आउटसोर्सिंग एजेंसियों के ठिकानों पर छापेमारी करने के एक दिन बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने बड़ी कार्रवाई की है। यूटी प्रशासन की ओर से टेंडर आवंटित करने में कथित अनियमितताओं को लेकर तीन फर्मों के मालिकों, अज्ञात निजी व्यक्तियों और सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
एफआईआर में संदीप मलिक, रेखा और सतीश कुमार के नाम शामिल हैं। संदीप मलिक जाहिरवीर कंपनी मैनपावर एंड सिक्योरिटी सर्विसेज और ए टू जेड मैनपावर एंड सिक्योरिटी सर्विसेज के मालिक हैं। इन दोनों कंपनियों का कार्यालय सेक्टर-34 स्थित एससीओ 218-219 में है। वहीं, सेक्टर-34ए में नेशनल ग्रुप ऑफ सर्विसेज की मालिक रेखा और सेक्टर-38डी स्थित एससीओ 312 में किमसी एंटरप्राइजेज के मालिक सतीश कुमार के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी करने और जाली दस्तावेज को असली बताकर इस्तेमाल करने के आरोप लगाए गए हैं।
यह कार्रवाई एजुकेशन डिपार्टमेंट ग्रुप-डी एम्प्लॉइज यूनियन, चंडीगढ़ की शिकायत के बाद की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि चारों एजेंसियों का संचालन एक ही परिवार के सदस्य कर रहे थे। साथ ही, विभागीय प्रमुखों और अन्य अधिकारियों के साथ कथित मिलीभगत कर रिश्वत के बदले टेंडर हासिल किए गए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि सरकारी GeM पोर्टल पर अपलोड किए गए अनुभव प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज फर्जी थे।
शुक्रवार को सीबीआई की टीमों ने सेक्टर-34, डड्डूमाजरा और मनीमाजरा में एजेंसियों के संचालकों से जुड़े ठिकानों पर तलाशी ली थी। इस दौरान टेंडर आवंटन, भर्ती और कर्मचारियों के वेतन भुगतान से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की गई।
जानकारी के मुताबिक, ये चारों एजेंसियां मिलकर विभिन्न सरकारी विभागों और संस्थानों में लगभग 30,000 आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं उपलब्ध कराती हैं।
फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Translate »
error: Content is protected !!