ज़ीरकपुर । राजवीर दीक्षित
पंजाब के ज़ीरकपुर में स्नैचिंग की घटनाएँ लगातार सामने आ रही हैं। शुक्रवार को पेंटा होम्स हाउसिंग सोसायटी में सैर कर रही हिमाचल प्रदेश पुलिस की एक महिला ASI की सोने की चेन बाइक सवार युवक झपटकर फरार हो गया।
पीड़िता की पहचान कौशल्या देवी के रूप में हुई है। वह नाहन के पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में तैनात हैं।
कौशल्या देवी ने बताया कि वह 6 अक्टूबर को अपने एक रिश्तेदार से मिलने आई थीं। शुक्रवार को वह सोसायटी में फोन पर बात करते हुए सैर कर रही थीं। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर आया एक युवक उनकी सोने की चेन झपटकर फरार हो गया।
अचानक हुई इस वारदात के कारण वह मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट नहीं कर सकीं।
उनकी शिकायत के आधार पर ज़ीरकपुर पुलिस ने 24 अक्टूबर को मामला दर्ज किया। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
गौरतलब है कि ज़ीरकपुर में चेन स्नैचिंग की घटनाएँ लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। महिलाओं और बुजुर्गों को बार-बार निशाना बनाए जाने से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


















