द टारगेट न्यूज़:
जालंधर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 18 वर्षीय दिवित औलख का अंतिम संस्कार मंगलवार को दोपहर 1 बजे मॉडल टाउन श्मशान घाट पर किया जाएगा। दिवित, स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश औलख के बेटे और लोकप्रिय रैपर हनी सिंह के भांजे थे। हादसे में उनके परिवार और पंजाबी संगीत जगत में शोक की लहर है। यह दुर्घटना 1 नवंबर की तड़के जालंधर में पुलिस लाइन्स के पास फ्लाईओवर पर हुई थी, जब दिवित अपने दोस्त आरव तलवार और तीन अन्य साथियों के साथ वोक्सवैगन जेत्ता कार में सवार थे। उनकी कार नगर निगम के एक खड़े हुए कचरे के ट्रॉली से टकरा गई थी, जिस पर रिफ्लेक्टर न होने को लेकर सवाल भी उठाए गए। इस भीषण टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दिवित तथा आरव तलवार की मौके पर ही मौत हो गई। आरव तलवार, जो ‘पप्पी स्वीट्स’ के मालिक के बेटे थे, उनका अंतिम संस्कार रविवार को संपन्न हो चुका है। वहीं, दिवित का परिवार कनाडा से उनके भाई के लौटने का इंतजार कर रहा था, जिसके चलते उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को तय किया गया। इस दुखद घटना के बाद से दिनेश औलख के घर पर मातम छाया हुआ है, जहां दीपावली की खुशियां कुछ ही दिन पहले रोशन की गई थीं। हादसे की खबर मिलने के बाद से ही पंजाबी संगीत और फिल्म जगत के कई दिग्गज कलाकार परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। रैपर हनी सिंह शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने के लिए जालंधर पहुंचे। इसके अलावा गिप्पी ग्रेवाल, बिन्नू ढिल्लों, शहनाज गिल, सरगुन मेहता और अमृत मान सहित कई कलाकारों ने औलख परिवार से मुलाकात की। वहीं, सोशल मीडिया के माध्यम से भी जस्सी गिल, नीरू बाजवा और अन्य कलाकारों ने दिवित के माता-पिता, दिनेश और बबीता औलख के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।


















