चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(PU gets a new VC! Prof. Tankeshwar Kumar to take the helm) पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) को नया कुलपति मिल गया है। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के मौजूदा कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार को पंजाब यूनिवर्सिटी का नया वाइस चांसलर नियुक्त किया गया है। उपराष्ट्रपति सचिवालय की ओर से 9 नवंबर 2026 को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई। उनका कार्यकाल पदभार संभालने की तारीख से तीन साल का होगा।
अधिसूचना के अनुसार, उपराष्ट्रपति एवं पंजाब यूनिवर्सिटी के चांसलर ने पंजाब यूनिवर्सिटी अधिनियम, 1947 की धारा 10 के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए यह नियुक्ति की है।
PU से पुराना नाता, अब संभालेंगे नेतृत्व
प्रो. टंकेश्वर कुमार फिलहाल हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वह गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (GJUST), हिसार में भी कुलपति की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
पंजाब यूनिवर्सिटी से उनका पुराना अकादमिक जुड़ाव रहा है। वह यहां के फिजिक्स विभाग में लंबे समय तक प्रोफेसर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने विश्वविद्यालय के कंप्यूटर सेंटर के प्रमुख के रूप में भी सेवाएं दी हैं।
उनकी नियुक्ति के साथ ही पंजाब यूनिवर्सिटी को नया नेतृत्व मिल गया है। अब सभी की निगाहें उनके कार्यकाल और विश्वविद्यालय की आगामी प्राथमिकताओं पर रहेंगी।













