द टारगेट न्यूज़:
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को तरनतारन में दो बसों की टक्कर में मारे गए लोगों के परिवार के सदस्यों को 5-5 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। शनिवार को तरनतारन जिले के नौशहरा पन्नुआन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-54 पर पंजाब सरकार द्वारा संचालित दो तीर्थयात्रियों की बसों की टक्कर में चार तीर्थयात्रियों सहित पांच लोगों की मौत हो गई और 15 से अधिक अन्य घायल हो गए। बसें राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री तीरथ यात्रा योजना’ के तहत तीर्थयात्रियों को ले जा रही थीं, जिनमें 37 लोग यात्रा कर रहे थे। मान ने रविवार को अमृतसर के एक अस्पताल का दौरा किया जहां उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। अमृतसर में पत्रकारों से बात करते हुए मान ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया. सीएम ने हादसे में घायल हुए लोगों को एक-एक लाख रुपये देने की भी घोषणा की. दुर्घटना तब हुई जब एक बस का चालक मोटरसाइकिल से बचने के प्रयास में सड़क के डिवाइडर को पार कर गया और विपरीत दिशा से आ रही एक बस से टकरा गया। पांच मृतकों में से चार तीर्थयात्री थे और एक मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा व्यक्ति था। दोनों बसें राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री तीरथ यात्रा योजना’ के तहत तीर्थयात्रियों को ले जा रही थीं, जिसके तहत 50 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोग तीर्थ यात्रा करने के पात्र हैं। पंजाब सरकार पात्र तीर्थयात्रियों को वातानुकूलित स्लीपर बस यात्रा, आवास और भोजन निःशुल्क प्रदान करती है।













