द टारगेट न्यूज़:
पंजाब स्ट्रोक प्रोग्राम के तहत अब अचानक स्ट्रोक से पीड़ित मरीजों को सरकारी अस्पतालों में खून के थक्कों को घोलने के लिए मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके, जिससे गंभीर जटिलताओं और लंबे समय तक रहने वाली विकलांगता के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सके। इस कार्यक्रम के तहत टेनेक्टेप्लस (Tenecteplase) नामक एक जीवन रक्षक दवा, जिसकी बाजार में कीमत करीब 40,000 रुपये है, स्ट्रोक या दिल के दौरे (हार्ट अटैक) से पीड़ित पात्र मरीजों को पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, यह दवा उन थक्कों को घोलने में मदद करती है जो कुछ खास प्रकार के स्ट्रोक के दौरान मस्तिष्क तक रक्त के प्रवाह को रोकते हैं। इसके अलावा, यह दवा दिल के दौरे से पीड़ित मरीजों के दिल में भी रक्त के प्रवाह को फिर से बहाल कर सकती है। हालांकि, यह इलाज तय समय सीमा के भीतर और केवल उन मरीजों को दिया जाना जरूरी है जो इसके लिए निर्धारित चिकित्सीय मानदंडों को पूरा करते हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जालंधर के सिविल अस्पताल में अब तक 60 से अधिक दिल के दौरे के मरीजों और एक स्ट्रोक के मरीज को यह मुफ्त इलाज मिल चुका है। अधिकारियों ने बताया कि इस उपचार के बाद इन मरीजों में किसी भी तरह की गंभीर जटिलता या मौत का मामला सामने नहीं आया है। इस तरह की मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए अस्पताल के स्टाफ की तैयारियों को बेहतर बनाने वास्ते सिविल सर्जन राजेश गर्ग के मार्गदर्शन में 13 अक्टूबर को एक विशेष प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया गया था। जालंधर सिविल अस्पताल के कंसलटेंट फिजिशियन डॉ. अभिनव शूर ने जिला अस्पताल और फिल्ौर तथा नकोदर स्थित उप-मंडलीय अस्पतालों के इमरजेंसी मेडिकल अफसरों को इस संबंध में प्रशिक्षित किया। यह ट्रेनिंग सेशन मुख्य रूप से हार्ट अटैक और स्ट्रोक के लक्षणों को पहचानने, इलाज के लिए योग्य मरीजों की पहचान करने और मेडिकल गाइडलाइंस के अनुसार सही समय पर दवा देने पर केंद्रित था। इस प्रशिक्षण का मकसद इमरजेंसी मेडिकल टीमों को ऐसे मामलों की तुरंत पहचान करने में मदद करना था, ताकि पात्र मरीजों को बिना किसी अनावश्यक देरी के यह जीवन रक्षक इलाज मिल सके।













