Home Breaking News पंजाब में शराब ठेकों की नीलामी फेल, 1200 ठेके खाली

पंजाब में शराब ठेकों की नीलामी फेल, 1200 ठेके खाली

चंडीगढ़ | राजवीर दीक्षित

(Auction of liquor vends fails in Punjab, 1,200 outlets remain vacant) पंजाब में शराब ठेकों की नीलामी इस बार सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। ई-टेंडरिंग के कई दौर पूरे होने के बावजूद राज्य के 52 शराब ग्रुप ऐसे हैं, जिनके लिए अभी तक कोई भी खरीदार सामने नहीं आया। इन ग्रुप्स के तहत करीब 1,200 रिटेल ठेके आते हैं, जो अब भी खाली पड़े हैं। पूरे राज्य में कुल 207 ग्रुप्स में से सिर्फ 147 का ही नवीनीकरण हो पाया है, जबकि बाकी ग्रुप्स के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, कारोबारी इस बार निवेश करने से हिचक रहे हैं। उनका कहना है कि साल 2025-26 में उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा, जिसके चलते वे नए जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं। इसके अलावा सरकार द्वारा रिजर्व प्राइस में पिछले साल के मुकाबले 6.5% की बढ़ोतरी भी एक बड़ा कारण है, जिसे व्यापारी ज्यादा मान रहे हैं। IMFL कोटे की नीति और एक कंपनी को अधिकतम 5 ग्रुप्स तक सीमित रखने जैसी शर्तें भी बोलीदाताओं को पीछे खींच रही हैं।

व्यापारियों का मानना है कि अगर नीलामी को आकर्षक बनाना है तो कीमतों में कम से कम 8% से 12% तक की कटौती जरूरी है। फिलहाल सरकार ने रिजर्व प्राइस में पहले 3% और फिर 2% की कमी की है, लेकिन इसका भी कोई खास असर नहीं दिखा।

सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में जीरा, लहरा, फिरोजपुर कैंट, बाघा पुराना और बेगोवाल जैसे क्षेत्र शामिल हैं, जहां बड़ी संख्या में ठेके अब भी अलॉट नहीं हो पाए हैं। अब सरकार की नजर 27 मार्च को होने वाले अगले नीलामी राउंड पर टिकी है, जहां हालात सुधरने की उम्मीद जताई जा रही है।

Translate »
error: Content is protected !!