चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित
(Chandigarh BJP office grenade attack: The real target was Nawanshahr, but the plan was changed due to heavy crowd; instructions from a foreign handler have been revealed.)चंडीगढ़ में BJP कार्यालय पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों ने बताया कि उनकी शुरुआती योजना नवांशहर में हमला करने की थी, लेकिन वहां अधिक भीड़ होने के कारण उन्होंने आखिरी समय में प्लान बदल दिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों को एक विदेशी हैंडलर द्वारा निर्देश दिए जा रहे थे। हैंडलर ने उन्हें भीड़भाड़ वाले इलाके में हमला न करने को कहा था, जिसके बाद उन्होंने चंडीगढ़ स्थित BJP कार्यालय को निशाना बनाया।
घटना वाले दिन आरोपी पहले चंडीगढ़ बस स्टैंड पहुंचे और वहां से ऑटो लेकर सेक्टर-33 पहुंचे। गूगल पर पता सर्च करने के बाद वे पंजाब BJP कार्यालय पहुंचे और शाम करीब 4:30 बजे ग्रेनेड हमला किया। हमले से पहले आरोपियों को फोन पर ही ग्रेनेड चलाने की जानकारी दी गई थी।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए और अलग-अलग शहरों—खरड़, लुधियाना, पटियाला, अंबाला और हिसार—में घूमते रहे। इसके बाद वे खाटू श्याम पहुंचे और वहां दर्शन किए। अगली सुबह हरियाणा के रेवाड़ी में AGTF ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों को 2 लाख रुपये का लालच दिया गया था, लेकिन उन्हें केवल 2 से 3 हजार रुपये ही मिले। गिरफ्तारी के बाद विदेशी हैंडलर ने उनके नंबर ब्लॉक कर दिए।
इस मामले में गुरतेज सिंह को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है, जो पिछले तीन वर्षों से चंडीगढ़ में रह रहा था। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।



















