अमृतसर | राजवीर दीक्षित
(Brother Shot in Front of Sister, Sensation in the Area) अमृतसर के छेहरटा इलाके में देर रात हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे शहर में दहशत फैला दी है। जानकारी के मुताबिक, सागर उर्फ लव नामक युवक पर उस समय हमला किया गया जब वह अपनी बहन के साथ घर के बाहर खड़ा था। अचानक एक नकाबपोश हमलावर एक्टिवा पर सवार होकर वहां पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके से फरार हो गया।
हमले में युवक को पेट में गोली लगी, जिसके बाद उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है।
मौके पर पहुंचे एसीपी शिव दर्शन ने बताया कि फिलहाल इस हमले के पीछे किसी पुरानी रंजिश या धमकी की बात सामने नहीं आई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कुछ अहम सुराग भी पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश जारी है। हालांकि अभी तक किसी गैंगस्टर लिंक की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस इस पहलू को भी नजरअंदाज नहीं कर रही।
इस घटना को लेकर सियासत भी गर्मा गई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. राजकुमार वेरका ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि पंजाब में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर बड़ा प्रदर्शन करेगी।
फिलहाल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाएं प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं।



















