दिल्ली | राजवीर दीक्षित
(Get a Gas Cylinder in 3 Minutes, LPG ATM Launched) तेजी से बदलती जिंदगी में अब रसोई गैस के लिए लंबा इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हरियाणा के गुरुग्राम में एक नई हाई-टेक सुविधा की शुरुआत हुई है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। भारत पेट्रोलियम (BPCL) ने यहां देश का पहला ‘LPG ATM’ लॉन्च किया है, जहां महज 3 मिनट में भरा हुआ गैस सिलेंडर मिल जाता है।
यह अनोखी मशीन बिल्कुल एटीएम की तरह काम करती है और पूरी तरह से डिजिटल व कॉन्टैक्टलेस है। उपभोक्ता अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन कर OTP के जरिए पहचान सत्यापित करता है। इसके बाद खाली सिलेंडर पर लगे QR कोड को स्कैन किया जाता है और डिजिटल पेमेंट किया जाता है। जैसे ही प्रक्रिया पूरी होती है, मशीन का दरवाजा खुलता है और पुराना सिलेंडर अंदर जमा हो जाता है, जबकि नया सीलबंद सिलेंडर बाहर आ जाता है।
इस LPG ATM की खास बात इसके आधुनिक फाइबर सिलेंडर हैं, जो पारंपरिक लोहे के सिलेंडरों से काफी हल्के होते हैं। इतना ही नहीं, ये पारदर्शी भी होते हैं, जिससे उपभोक्ता आसानी से देख सकता है कि सिलेंडर में कितनी गैस बची है।
सबसे बड़ी सुविधा यह है कि यह सेवा 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहती है। यानी अब गैस खत्म होने पर एजेंसी खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। साथ ही, मशीन में सिलेंडर का स्टॉक कम होते ही सिस्टम अपने आप एजेंसी को सूचना भेज देता है।
वैश्विक स्तर पर गैस आपूर्ति को प्रभावित करने वाली परिस्थितियों के बीच यह पहल आम लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। BPCL का यह पायलट प्रोजेक्ट भविष्य में गैस वितरण प्रणाली में एक बड़ी क्रांति साबित हो सकता है।



















