चंडीगढ़ | राजवीर दीक्षित
(Preparations Intensify for Municipal Elections in Punjab) पंजाब में नगर निगम और नगर परिषद चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने चुनाव प्रक्रिया शुरू करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक राज्य में 9 नगर निगमों और 104 नगर परिषदों/नगर पंचायतों में चुनाव कराए जाएंगे। जिन निकायों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है, वहां पहले ही प्रशासकों की नियुक्ति की जा चुकी है।
चुनाव आयोग ने मतदाता सूचियों को अपडेट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। सभी जिलों के डिप्टी कमिश्नरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मौजूदा वोटर लिस्ट की जांच और संशोधन सुनिश्चित करें। यह प्रक्रिया स्थानीय निकाय विभाग द्वारा की गई नई वार्डबंदी के आधार पर पूरी की जाएगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अबोहर, बठिंडा, बरनाला, मोहाली, होशियारपुर, बटाला, पठानकोट, कपूरथला और मोगा नगर निगमों में चुनाव प्रस्तावित हैं। जबकि पटियाला, जालंधर, लुधियाना, अमृतसर और फगवाड़ा में पहले ही चुनाव कराए जा चुके हैं।
संभावना जताई जा रही है कि ये चुनाव मई 2026 में आयोजित हो सकते हैं। वार्डबंदी का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है, जिससे चुनावी प्रक्रिया को जल्द अंतिम रूप दिया जा सके।
चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे 15 अप्रैल 2026 को जारी होने वाली ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपने नाम और विवरण की जांच जरूर करें। इसके अलावा 17 से 23 अप्रैल 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का समय निर्धारित किया गया है।
मतदाता पंजीकरण को बढ़ावा देने के लिए 20 और 21 अप्रैल को विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। ऐसे में यह चुनाव न केवल स्थानीय शासन के लिए अहम हैं, बल्कि राजनीतिक दलों के लिए भी शहरी मतदाताओं के रुझान को समझने का बड़ा मौका साबित होंगे।



















