चंडीगढ़ | राजवीर दीक्षित
(Sidhu Moosewala Case: New Song or Big Revelations?) पंजाबी सिंगर Sidhu Moosewala की मौत को 29 मई 2026 को चार साल पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन उनके मर्डर केस की गुत्थी अब भी पूरी तरह सुलझ नहीं पाई है। इस मामले का मुख्य आरोपी गैंगस्टर Goldy Brar अभी तक फरार है। इसी बीच, हाल ही में उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किए गए एक पोस्ट ने फैंस और सोशल मीडिया पर नई हलचल पैदा कर दी है।
‘Eyes On Me’ टाइटल वाले इस पोस्टर में 25 मार्च 2021 से जुड़ी कुछ घटनाओं को टाइमलाइन के रूप में दिखाया गया है। इसमें मूसेवाला की मूवमेंट, उनकी हवेली में लगे सीसीटीवी कैमरों की संख्या, उनके साथ मौजूद लोगों और हथियारबंद व्यक्तियों तक का जिक्र किया गया है। इस पोस्ट ने लोगों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर ये जानकारी अब क्यों सामने लाई जा रही है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स का मानना है कि यह पोस्ट मर्डर से पहले की कुछ अहम गतिविधियों की ओर इशारा करता है। कई लोगों ने इसे संभावित सुरक्षा चूक से जोड़कर देखा है। गौरतलब है कि घटना से पहले पंजाब सरकार ने उनकी सुरक्षा कम कर दी थी, जिसमें तैनात चार कमांडो में से दो को हटा लिया गया था। इस फैसले को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं।
अब इस पोस्ट के सामने आने के बाद एक बार फिर Sidhu Moosewala के लिए इंसाफ की मांग तेज हो गई है। साथ ही, कुछ आरोपियों को जमानत मिलने और हाल ही में आई एक डॉक्यूमेंट्री के बाद यह मामला फिर सुर्खियों में है। फैंस अब उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही इस केस से जुड़े बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं, या शायद कोई नया गाना भी रिलीज हो सकता |



















