चंडीगढ़ | राजवीर दीक्षित
(Sunny Singh Enters Punjabi Cinema ) बॉलीवुड से पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री तक एक नई और दिलचस्प शुरुआत होने जा रही है। मशहूर अभिनेता सनी सिंह अब पंजाबी सिनेमा में कदम रखने जा रहे हैं। वे अपनी पहली पंजाबी फिल्म ‘थापी’ में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ पंजाबी इंडस्ट्री की सुपरस्टार नीरू बाजवा भी मुख्य भूमिका में होंगी।
सनी सिंह, जिन्होंने ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’, ‘प्यार का पंचनामा 2’ और ‘आदिपुरुष’ जैसी फिल्मों से अपनी पहचान बनाई है, अब क्षेत्रीय सिनेमा में नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस खबर ने उनके फैंस के बीच खासा उत्साह पैदा कर दिया है।
अभिनेता ने खुद सोशल मीडिया पर इस फिल्म की घोषणा की और नीरू बाजवा के साथ अपनी तस्वीर साझा की। तस्वीर में दोनों एक बाइक पर बैठे फिल्म का क्लैपबोर्ड पकड़े नजर आए, जिससे यह साफ हो गया कि फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है। सनी सिंह ने इसे अपने दिल के बेहद करीब प्रोजेक्ट बताया और पूरी टीम के साथ काम करने को लेकर खुशी जताई।
वहीं नीरू बाजवा ने भी इस फिल्म को लेकर उत्साह व्यक्त किया और निर्देशक जगदीप सिंह वड़िंग की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह फिल्म पंजाबी सिनेमा के स्तर को और ऊंचा ले जाएगी। इस फिल्म को संतोष थीते द्वारा प्रोड्यूस किया जा रहा है।
हालांकि फिल्म की कहानी और रिलीज डेट को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन सनी सिंह और नीरू बाजवा की जोड़ी को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्सुकता देखने को मिल रही है। यह फिल्म आने वाले समय में पंजाबी सिनेमा के लिए एक बड़ा प्रोजेक्ट साबित हो सकती है।



















