Home Chandigarh पंजाब में मौसम का अलर्ट!

पंजाब में मौसम का अलर्ट!

चंडीगढ़ | राजवीर दीक्षित

(Weather Alert in Punjab) पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे एक बार फिर ठंड ने वापसी कर ली है। बीते कुछ दिनों से हो रही बारिश, तेज हवाओं और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का असर अब साफ तौर पर मैदानों में भी देखने को मिल रहा है। लोगों को फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं, क्योंकि तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने 20 मार्च के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इस अलर्ट के तहत अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, मोहाली, बठिंडा और पठानकोट सहित कई जिलों में तेज बारिश, बिजली चमकने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि (गड़ेमारी) की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटों में तापमान में करीब 2.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से 6.1 डिग्री कम है। पठानकोट में अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री, लुधियाना में 23.4 डिग्री और चंडीगढ़ में 20.8 डिग्री दर्ज किया गया। यह गिरावट साफ संकेत देती है कि मौसम अभी कुछ दिनों तक ठंडा बना रहेगा।

हालांकि राहत की बात यह है कि 21 मार्च को मौसम में सुधार देखने को मिल सकता है और ज्यादातर इलाकों में बारिश रुकने की संभावना है। 22 मार्च को दक्षिणी पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 23 मार्च को पूरे राज्य में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

बारिश के चलते चंडीगढ़ की हवा भी साफ हो गई है, जिससे अब कासौली की पहाड़ियां साफ नजर आने लगी हैं। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में मौसम ठंडा और सुहावना रहने वाला है, लेकिन फिलहाल सतर्क रहना जरूरी है।

Translate »
error: Content is protected !!