राजवीर दीक्षित
Threat to blow up CM, several schools in Punjab and a train with a bomb; high alert issued. पंजाब के जालंधर से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। शहर के तीन स्कूलों, दिल्ली जाने वाली ट्रेन, विधानसभा और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। यह धमकी एक ई-मेल के जरिए भेजी गई है, जिसमें खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी से जुड़ा बताया गया है।
जानकारी के अनुसार धमकी भरे ई-मेल में जालंधर के तीन स्कूलों को निशाना बनाने की बात कही गई है। इनमें ए.पी.जे. स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल समेत एक अन्य स्कूल का नाम भी शामिल बताया जा रहा है। ई-मेल में दावा किया गया है कि दोपहर 1:11 बजे स्कूलों को बम से उड़ाया जाएगा। इसके अलावा पंजाब विधानसभा को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है और ई-मेल में विधानसभा के कार्यक्रम का समय 2:11 बजे बताया गया है।
धमकी में दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन का भी जिक्र किया गया है, जिसे रात 9:11 बजे उड़ाने की बात कही गई है। इसके साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। ई-मेल में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को हटाने की धमकी भी दी गई है और कई उग्र बयान लिखे गए हैं।
धमकी भरा ई-मेल सामने आने के बाद जालंधर प्रशासन और पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई। सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और जिन स्कूलों का नाम लिया गया है वहां जांच शुरू कर दी गई है। स्कूल परिसरों की तलाशी ली जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह धमकी कहां से भेजी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।



















