चंडीगढ़।राजवीर दीक्षित
Controversy over song ‘Tateree’: Haryana Women Commission orders arrest of singer Badshahमशहूर बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनके गाने ‘Tateree’ को लेकर बढ़े विवाद के बाद हरियाणा राज्य महिला आयोग ने कड़ा कदम उठाते हुए उनकी गिरफ्तारी के आदेश जारी कर दिए हैं। शुक्रवार को आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने यह आदेश जारी किया।
बताया जा रहा है कि महिला आयोग ने पहले बादशाह को गाने के आपत्तिजनक बोल और उसमें दिखाए गए कुछ दृश्यों को लेकर नोटिस जारी किया था। आयोग ने 6 मार्च को उन्हें नोटिस भेजकर पानीपत के एसपी कार्यालय में पेश होने के लिए कहा था। लेकिन बादशाह आयोग के सामने पेश नहीं हुए, जिसके बाद यह सख्त कार्रवाई की गई।
बादशाह के वकीलों ने आयोग को बताया कि सिंगर अपने पेशेवर कार्यक्रमों की व्यस्तता के कारण पेश नहीं हो सके और उन्होंने आयोग से कुछ और समय देने की मांग की थी। साथ ही सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने की अनुमति भी मांगी थी।
हालांकि महिला आयोग ने इसे गंभीरता से लेते हुए पंचकूला और पानीपत पुलिस को आदेश दिया है कि बादशाह को गिरफ्तार किया जाए। इसके अलावा आयोग ने उनका पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सकें।
आयोग का कहना है कि गाने में महिलाओं और लड़कियों को लेकर इस्तेमाल किए गए कुछ शब्द और दृश्य अशोभनीय और आपत्तिजनक हैं, जिससे समाज में गलत संदेश जा सकता है। इसी वजह से इस मामले को गंभीर मानते हुए कड़ी कार्रवाई की जा रही है।अब देखना होगा कि इस पूरे मामले में बादशाह या उनकी टीम की तरफ से आगे क्या प्रतिक्रिया सामने आती है और क्या यह विवाद कानूनी लड़ाई का रूप लेता है।
















