चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Husband Kills 9-Month Pregnant Wife “) पंजाब के मानसा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 9 महीने की गर्भवती महिला की कथित तौर पर उसके पति ने गला रेतकर हत्या कर दी। महिला अपने मायके में रह रही थी और उसकी डिलीवरी होने वाली थी। आरोप है कि पति शुक्रवार रात बातचीत करने के बहाने उसे घर के बाहर बने बाथरूम तक ले गया और वहां तेजधार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी। महिला के गर्भ में जुड़वा बच्चे पल रहे थे, जिनकी भी इस वारदात में मौत हो गई।
मृतका की पहचान 22 वर्षीय सिमरजीत कौर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों ने वर्ष 2025 में प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद से पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। परिवार का आरोप है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और गर्भ में पल रहे बच्चों को अपना नहीं मानता था। इसी बात को लेकर वह अक्सर सिमरजीत के साथ मारपीट करता था और कई बार झगड़े भी हुए थे।
घटना वाले दिन आरोपी पहले दिन में ससुराल आया था, लेकिन कहासुनी के बाद वापस चला गया। देर रात उसने फिर फोन कर सिमरजीत को बातचीत के बहाने घर से बाहर बुलाया। परिजनों का आरोप है कि बाथरूम के पास उसने महिला का मुंह दबाकर तेजधार हथियार से गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर तक बेटी के वापस न लौटने पर मां उसे ढूंढने गई, जहां वह खून से लथपथ हालत में मिली।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है। यह घटना एक बार फिर घरेलू हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।



















