चंडीगढ़ | राजवीर दीक्षित
(Milk Becomes Costlier in Punjab, New Rates from April 1) पंजाब में बढ़ती महंगाई के बीच आम लोगों को एक और झटका लगा है। अब दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे घर का बजट और प्रभावित होगा। जालंधर में खालसा डेयरी वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित एक अहम बैठक के बाद यह फैसला लिया गया कि 1 अप्रैल से दूध के दामों में 5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जाएगी।
सोसायटी के प्रधान Balwinder Singh की अगुवाई में हुई इस बैठक में डेयरी संचालकों ने बताया कि पिछले साल आई बाढ़ के कारण पशुओं के चारे को भारी नुकसान पहुंचा, जिससे लागत में काफी इजाफा हुआ है। इसके अलावा पशुओं की कीमतों में भी जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली है। पहले जो भैंस करीब 1 लाख रुपये में मिलती थी, अब उसकी कीमत लगभग दोगुनी हो चुकी है। वहीं, गाय की कीमत 40 हजार से बढ़कर करीब 90 हजार रुपये तक पहुंच गई है।
डेयरी मालिकों ने यह भी बताया कि पशुओं के चारे जैसे खल, बिनौला, तुड़ी और दलीया के दाम भी काफी बढ़ गए हैं। ऐसे में पुराने रेट पर दूध बेचना उनके लिए घाटे का सौदा बन गया था, जिसके चलते कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया।
नए रेट के अनुसार अब गाय का दूध 65 रुपये से बढ़कर 70 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि भैंस का दूध 70 रुपये से बढ़कर 75 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। इसके अलावा फैट रेट भी 9.50 रुपये से बढ़ाकर 10.50 रुपये कर दिया गया है।
डेयरी संचालकों का कहना है कि बढ़ती लागत और आर्थिक दबाव को देखते हुए यह फैसला लेना मजबूरी थी। आने वाले समय में अगर लागत और बढ़ती है, तो कीमतों में और इजाफा भी हो सकता है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।



















