हेल्थ डेस्क।
(Warning! People with These Blood Groups Have a Higher Risk of Heart Attack) आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, गलत खान-पान और बढ़ते तनाव के बीच दिल की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। इसी बीच हाल ही में हुई एक रिसर्च ने चौंकाने वाला खुलासा किया है कि आपका ब्लड ग्रुप भी दिल की सेहत को प्रभावित कर सकता है।
रिसर्च में करीब 4 लाख लोगों पर अध्ययन किया गया, जिसमें पाया गया कि A और B ब्लड ग्रुप वाले लोगों को अन्य लोगों की तुलना में हार्ट अटैक का खतरा ज्यादा होता है। आंकड़ों के अनुसार, O ब्लड ग्रुप के मुकाबले A और B ग्रुप के लोगों में हार्ट अटैक का जोखिम लगभग 8% ज्यादा पाया गया है।
अगर विस्तार से समझें तो A ब्लड ग्रुप वाले लोगों में हार्ट फेलियर का खतरा करीब 11% ज्यादा होता है, जबकि B ब्लड ग्रुप वालों में हार्ट अटैक का खतरा 15% तक बढ़ सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इसकी मुख्य वजह खून के थक्के बनने की ज्यादा संभावना है। A और B ब्लड ग्रुप वालों में खून के थक्के बनने का खतरा O ग्रुप के मुकाबले 44% अधिक होता है, जो धमनियों में रुकावट पैदा कर हार्ट अटैक का कारण बन सकता है।
हालांकि ब्लड ग्रुप बदला नहीं जा सकता, लेकिन सही लाइफस्टाइल अपनाकर इस खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। संतुलित आहार लेना, नियमित व्यायाम करना और तनाव से दूर रहना बेहद जरूरी है। साथ ही समय-समय पर ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल की जांच करवाना भी जरूरी है।
विशेषज्ञों की सलाह है कि धूम्रपान और शराब से दूरी बनाकर रखें, क्योंकि ये दिल की बीमारियों का खतरा और बढ़ा देते हैं। अगर आपका ब्लड ग्रुप A या B है, तो इसे चेतावनी समझें और आज से ही अपने दिल की सेहत का खास ध्यान रखें।



















