मोहाली: रेलवे में टिकट कलेक्टर (टीसी) के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 13 युवाओं से 40 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान हरियाणा के चरखी दादरी निवासी सुमित कुमार और दिल्ली के बकोली निवासी विष्णु यादव के रूप में हुई है।
ऐसे रची गई ठगी की साजिश
सेक्टर 66-ई, आईटी सिटी मोहाली निवासी शिकायतकर्ता प्रवीण कुमार ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह विष्णु यादव को पहले से जानता था। जून महीने में विष्णु अपने दोस्त सुमित कुमार को लेकर मोहाली आया। उसने सुमित का परिचय रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के रूप में कराया और दावा किया कि रेलवे की भर्ती प्रक्रिया में सुमित की अहम भूमिका रहती है। विष्णु ने यह भी कहा कि सुमित पहले भी कई उम्मीदवारों की रेलवे में भर्ती करवा चुका है।
250 पदों पर भर्ती का दिया झूठा आश्वासन
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह सुमित से मिला तो उसने भरोसा दिलाया कि वह 250 उम्मीदवारों को रेलवे में टिकट कलेक्टर (टीसी) के पद पर नौकरी दिलवा सकता है। उसकी बातों पर विश्वास करके प्रवीण कुमार ने 12 से 13 नौकरी के इच्छुक युवाओं के दस्तावेज सुमित को सौंप दिए। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में प्रवीण से कुल 40 लाख रुपये वसूल लिए।
फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर की धोखाधड़ी
पैसे लेने के बाद आरोपियों ने उम्मीदवारों को रेलवे के फर्जी जॉइनिंग लेटर थमा दिए। जब उम्मीदवारों को जॉइनिंग लेटर के फर्जी होने का पता चला, तो उन्होंने अपने पैसे और मूल दस्तावेज वापस मांगे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने न तो 40 लाख रुपये लौटाए और न ही युवाओं के मूल दस्तावेज वापस किए। सभी उम्मीदवारों के असली दस्तावेज अभी भी आरोपियों के पास ही हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
थक-हारकर पीड़ित प्रवीण कुमार ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। फेज-1 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी सुमित कुमार और विष्णु यादव के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।













