Home Business फल नहीं ज़हर ! केमिकल से पकाए फलों पर सख्ती, FSSAI का...

फल नहीं ज़हर ! केमिकल से पकाए फलों पर सख्ती, FSSAI का अलर्ट

चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित

(Not Fruits, But Poison! Crackdown on Chemically Ripened Fruits, FSSAI Issues Alert ) फल खाने वालों के लिए एक बेहद जरूरी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। Food Safety and Standards Authority of India (FSSAI) ने बाजार में बिक रहे केमिकल से पकाए जा रहे फलों को लेकर सख्त चेतावनी जारी की है। अथॉरिटी ने साफ शब्दों में कहा है कि फलों को कृत्रिम तरीके से पकाने के लिए खतरनाक रसायनों का इस्तेमाल बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जारी निर्देशों के मुताबिक, कैल्शियम कार्बाइड जैसे जहरीले केमिकल का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कुछ व्यापारी आम, केला और पपीता जैसे फलों को जल्दी पकाने के लिए इन खतरनाक पदार्थों का इस्तेमाल कर रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे केमिकल से पके फल खाने से उल्टी, त्वचा संबंधी समस्याएं, पेट दर्द और निगलने में दिक्कत जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।

इसके अलावा, कुछ कारोबारी एथीफॉन (Ethephon) जैसे रसायनों के घोल में फलों को डुबोकर पकाने की कोशिश कर रहे हैं, जिस पर अब सख्त रोक लगा दी गई है। FSSAI ने स्पष्ट किया है कि केवल नियंत्रित और सुरक्षित तरीके से एथिलीन गैस का उपयोग ही मान्य है, जो फलों को प्राकृतिक तरीके से पकाने में मदद करती है।

सरकार ने देशभर के फूड सेफ्टी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मंडियों, गोदामों और थोक बाजारों में लगातार निरीक्षण करें। जहां भी संदेह हो, वहां तुरंत छापेमारी की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

फलों की जांच के लिए अब विशेष टेस्ट पेपर का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे यह पता लगाया जा सकेगा कि फल प्राकृतिक रूप से पके हैं या केमिकल के जरिए। इस कार्रवाई का उद्देश्य लोगों की सेहत से हो रहे खिलवाड़ को रोकना और सुरक्षित खाद्य सुनिश्चित करना है।

Translate »
error: Content is protected !!