चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Canada Tightens Spouse Visa Rules: IELTS May Become Mandatory for Partners”) कनाडा जाने का सपना देख रहे हजारों पंजाबी युवाओं और परिवारों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। कनाडा सरकार अब स्पाउस वीजा यानी पति-पत्नी को बुलाने वाले नियमों में बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रही है। नए प्रस्ताव के मुताबिक अब कनाडा जाने वाले पार्टनर को अंग्रेजी भाषा टेस्ट यानी IELTS या CELPIP पास करना पड़ सकता है। इससे खास तौर पर उन लोगों को बड़ा झटका लग सकता है जो कॉन्ट्रैक्ट मैरिज या केवल विदेश जाने के मकसद से शादी का सहारा लेते थे।
कनाडा इमिग्रेशन विभाग IRCC के प्रस्ताव के अनुसार अब केवल वही लोग अपने पार्टनर को ओपन वर्क परमिट पर बुला पाएंगे जो मास्टर्स, PhD या हाई स्किल सेक्टर में काम कर रहे हैं। हेल्थकेयर, IT और अन्य स्किल कैटेगरी में काम करने वालों को ही राहत मिलने की संभावना है। साधारण डिप्लोमा या सर्टिफिकेट कोर्स करने वाले छात्रों के पार्टनर अब इस सुविधा के लिए योग्य नहीं होंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब से हर साल हजारों स्पाउस वीजा फाइलें लगती हैं और बड़ी संख्या में मामले एजेंसियों में प्रोसेस में रहते हैं। ऐसे में इस नए नियम का सीधा असर पंजाब के युवाओं पर पड़ सकता है। खासकर उन लोगों पर जो बिना अंग्रेजी सीखे सिर्फ शादी के जरिए कनाडा पहुंचना चाहते थे।
हालांकि फिलहाल यह नियम लागू नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि यह अभी प्रस्ताव के रूप में है और इसे लागू होने में दिसंबर 2026 या जनवरी 2027 तक का समय लग सकता है। तब तक पुराने नियमों के तहत आवेदन किए जा सकेंगे।
कनाडा सरकार का कहना है कि भाषा की समझ न होने के कारण कई लोगों को नौकरी और समाज में घुलने-मिलने में दिक्कत आती है। साथ ही फर्जी शादियों और कॉन्ट्रैक्ट मैरिज पर रोक लगाने के लिए भी यह कदम उठाया जा रहा है।



















