चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“SBI Bank Holiday Alert 2026″) देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI से जुड़े करोड़ों ग्राहकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। 23 मई से 28 मई 2026 के बीच बैंकिंग सेवाएं लगातार प्रभावित रह सकती हैं। वीकेंड छुट्टियां, कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और बकरीद की छुट्टियों के कारण SBI की कई शाखाएं बंद रहने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग काम पहले ही निपटा लें।
जानकारी के अनुसार 23 मई को चौथा शनिवार और 24 मई को रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 25 और 26 मई को ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन द्वारा दो दिवसीय हड़ताल का प्रस्ताव दिया गया है। वहीं 27 और 28 मई को कई राज्यों में बकरीद की छुट्टियां रहेंगी, जिससे बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है।
हालांकि SBI की डिजिटल सेवाएं जैसे ATM, UPI, नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, NEFT, RTGS और IMPS सामान्य रूप से चालू रहेंगी। लेकिन शाखाओं में जाकर होने वाले काम जैसे चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट, कैश जमा-निकासी, FD और नए अकाउंट से जुड़े कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
SBI कर्मचारियों ने अपनी 16 प्रमुख मांगों को लेकर हड़ताल का ऐलान किया है। इनमें पर्याप्त स्टाफ भर्ती, आउटसोर्सिंग पर रोक, कर्मचारियों के ट्रांसफर नियमों में सुधार, मेडिकल स्कीम में बदलाव और पेंशन सुविधाओं को बेहतर बनाने जैसी मांगें शामिल हैं।
अगर आप भी SBI ग्राहक हैं तो आज ही अपने जरूरी बैंकिंग काम पूरे कर लें, क्योंकि आने वाले 6 दिनों तक बैंकिंग सेवाओं में बड़ी परेशानी देखने को मिल सकती है। यह खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे लेकर लगातार चर्चा कर रहे हैं।



















