चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Next 48 Hours Crucial! Rain, Thunderstorms and Strong Winds Likely in 13 North Indian States”) देशभर में मौसम ने अचानक खतरनाक करवट ले ली है। एक तरफ उत्तर और मध्य भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और जानलेवा लू की चपेट में हैं, तो दूसरी तरफ भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 13 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का हाई अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अत्यधिक गर्मी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेजी से बदल रहा है।
आने वाले 48 घंटों में कई इलाकों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं।दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल गर्मी से राहत नहीं मिलेगी, लेकिन 28 और 29 मई को मौसम बदलने की संभावना है। तेज हवाओं, बादलों और हल्की बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश में लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर और गोरखपुर समेत कई जिलों में 29 मई तक तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।
राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। राजस्थान में धूल भरी आंधी और लू के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा मंडरा रहा है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने साफ कहा है कि अगले दो दिन बेहद संवेदनशील हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने, बिजली के खंभों और पेड़ों से दूर रहने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई।



















