चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Punjab Women Scheme 2026″) पंजाब की महिलाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने संकेत दिए हैं कि राज्य सरकार जल्द ही अपनी बहुप्रतीक्षित महिला सम्मान योजना को लागू करने जा रही है। इस योजना के तहत प्रदेश की करीब 90 लाख महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना की लगभग 80 प्रतिशत प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और शेष कार्य जून महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
सीएम मान के अनुसार, जिन महिलाओं के कार्ड या रजिस्ट्रेशन जुलाई तक नहीं बन पाएंगे, उन्हें भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। उनका रजिस्ट्रेशन पूरा होते ही उन्हें जुलाई से मिलने वाली राशि का लाभ दिया जाएगा। यह योजना आम आदमी पार्टी द्वारा 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए प्रमुख वादों में शामिल थी, जिसे अब चुनावी वादे से हकीकत में बदलने की तैयारी चल रही है।
सरकार ने इस योजना को “मांवां-धीयां सत्कार योजना” नाम दिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने ₹1000 और अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को ₹1500 प्रति माह देने का प्रस्ताव है। हालांकि अंतिम नियम और पात्रता संबंधी शर्तें सरकार की आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद स्पष्ट होंगी।
योजना का लाभ लेने के लिए महिला की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए तथा उसके पास पंजाब का वोटर कार्ड और आधार कार्ड होना आवश्यक होगा। महिलाओं को रजिस्ट्रेशन करवाना होगा और बैंक खाता, मोबाइल नंबर सहित अन्य जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। वहीं सरकारी महिला कर्मचारी, पेंशनधारक और आयकरदाता महिलाओं को इस योजना से बाहर रखा जा सकता है।
राजनीतिक रूप से भी यह घोषणा काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि 2027 विधानसभा चुनावों से पहले इसे आम आदमी पार्टी का बड़ा मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है। अब सभी की नजरें सरकार की आधिकारिक घोषणा और योजना की शुरुआत की तारीख पर टिकी हुई हैं।



















