Home Chandigarh पंजाब में नेशनल हाईवे पर चक्का जाम! पुलिस को शाम तक का...

पंजाब में नेशनल हाईवे पर चक्का जाम! पुलिस को शाम तक का अल्टीमेटम

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Traffic Blockade on National Highway in Punjab! Police Given Ultimatum Till Evening “) लुधियाना के दरेसी इलाके से 17 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला अब बड़ा जनआंदोलन बनता जा रहा है। अपनी बेटी की बरामदगी की मांग को लेकर परिवार ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना देकर चक्का जाम कर दिया, जिससे दिल्ली-जालंधर मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। परिजनों का आरोप है कि पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और अन्य महत्वपूर्ण सुराग सौंपे जाने के बावजूद कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित है।

परिवार के अनुसार किशोरी 3 मई की रात से लापता है। उसकी मां जब रोजाना की तरह काम से घर लौटी तो बेटी घर पर नहीं थी। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। परिजनों का कहना है कि पिछले एक महीने से वे लगातार थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल जांच जारी होने का आश्वासन दिया जा रहा है।

मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब परिवार ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में किशोरी तीन संदिग्ध युवकों के साथ दिखाई दे रही है। वीडियो में एक युवक उसका हाथ पकड़े नजर आ रहा है, जबकि दो अन्य आगे चलते दिखाई देते हैं। इस दृश्य ने परिवार की चिंता कई गुना बढ़ा दी है। परिजनों को आशंका है कि उनकी बेटी का अपहरण कर किसी अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर रखा गया हो सकता है।

हाईवे जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में परिवार ने शाम तक बेटी को सुरक्षित बरामद करने का अल्टीमेटम देते हुए धरना समाप्त कर दिया। वहीं दरेसी थाना पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज है, कई टीमें जांच में जुटी हैं, सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश जारी है। पुलिस ने जल्द ही किशोरी को सुरक्षित ढूंढ निकालने का दावा किया है।

Translate »
error: Content is protected !!