Home Chandigarh पंजाब में रेड अलर्ट जैसे हालात! दोपहर के समय बाहर न निकलें

पंजाब में रेड अलर्ट जैसे हालात! दोपहर के समय बाहर न निकलें

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Punjab Braces for Intense Heat, Safety Advisory Released”) पंजाब में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद लोगों को कुछ राहत जरूर मिली थी, लेकिन अब एक बार फिर से भीषण गर्मी और ‘लू’ ने हालात गंभीर बना दिए हैं। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि 11 जून तक कई जिलों में गर्म हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान और बढ़ सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, बरनाला और संगरूर जैसे जिलों में लू का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिना किसी जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें। तेज धूप और गर्म हवाएं स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती हैं, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए खतरा अधिक बताया गया है।

हालांकि राहत की खबर भी सामने आई है। 11 से 13 जून के बीच पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली सहित कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आने की उम्मीद है।

अगर तापमान की बात करें तो बठिंडा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं चंडीगढ़ में पारा 39.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में तापमान 3 से 4 डिग्री तक और बढ़ सकता है।

ऐसे में लोगों को सतर्क रहने, पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। पंजाब में गर्मी का यह दौर फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा।

Translate »
error: Content is protected !!