Home accident काम पर जा रहे दंपति को ट्रक ने कुचला, पत्नी की मौत

काम पर जा रहे दंपति को ट्रक ने कुचला, पत्नी की मौत

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Jalandhar Road Tragedy”) जालंधर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां रविवार सुबह लम्मा पिंड चौक के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक्टिवा सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

जानकारी के अनुसार करतारपुर निवासी कमलजीत सिंह अपनी पत्नी कैलाश कौर के साथ एक्टिवा पर सवार होकर काम के सिलसिले में फगवाड़ा जा रहे थे। जैसे ही वे लम्मा पिंड चौक के नजदीक डीएफसीएल दफ्तर और इंडियन ऑयल डिपो के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि पीछे बैठी कैलाश कौर सड़क पर जा गिरीं और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सुबह के समय हुए इस हादसे के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही थाना रामामंडी पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल कमलजीत सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की जरूरत को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

Translate »
error: Content is protected !!