चंडीगढ़/नई दिल्ली। राजवीर दीक्षित
(Punjab BJP Top Leaders Summoned to Delhi ) भारतीय जनता पार्टी (BJP) के केंद्रीय नेतृत्व ने पंजाब भाजपा के शीर्ष नेताओं को शुक्रवार शाम नई दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बैठक के लिए तलब किया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह बैठक शाम करीब 6 बजे आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बी. एल. संतोष करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में पंजाब भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को बुलाया गया है। इनमें पंजाब भाजपा के वर्तमान अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, रवनीत सिंह बिट्टू, विजय सांपला, मनोरंजन कालिया, महासचिव अनिल सरीन तथा वरिष्ठ नेता अश्विनी शर्मा शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, बैठक में पंजाब भाजपा संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जा सकती है। विशेष रूप से पंजाब इकाई में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति, राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों की रणनीति पर विचार-विमर्श होने की संभावना है। पार्टी नेतृत्व आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण फैसले ले सकता है।
बैठक की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस समाप्त करने के तुरंत बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
हालांकि, भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने नाम न छापने की शर्त पर इसे एक नियमित और संगठनात्मक बैठक बताया है। उनका कहना है कि यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद केवल सिंह ढिल्लों की राष्ट्रीय संगठन महासचिव बी. एल. संतोष के साथ यह पहली औपचारिक बैठक होगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंजाब में भाजपा की भविष्य की रणनीति और संगठनात्मक ढांचे को लेकर इस बैठक से कई अहम संकेत सामने आ सकते हैं, जिन पर पूरे राज्य की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।



















