चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Lt Gen Dhiraj Seth Appointed Next Army Chief: A New Era of Leadership for the Indian Army “) देश की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का अगला प्रमुख (Chief of Army Staff) नियुक्त करने का फैसला किया है। वर्तमान सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी का कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है, जिसके बाद लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ 31वें सेना प्रमुख के रूप में पदभार संभालेंगे।
वर्तमान में धीरज सेठ उप सेना प्रमुख (Vice Chief of Army Staff) के पद पर कार्यरत हैं और उन्हें करीब 40 वर्षों का शानदार सैन्य अनुभव प्राप्त है। दिसंबर 1986 में सेना में कमीशन प्राप्त करने वाले धीरज सेठ ने देश के कई संवेदनशील और रणनीतिक क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी सीमा, रेगिस्तानी इलाकों और अन्य महत्वपूर्ण मोर्चों पर नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाली है।
धीरज सेठ दक्षिणी कमान और दक्षिण-पश्चिमी कमान के जीओसी-इन-सी भी रह चुके हैं। वे उन चुनिंदा वरिष्ठ अधिकारियों में शामिल हैं जिन्होंने पश्चिमी मोर्चे पर दो महत्वपूर्ण ऑपरेशनल कमानों का सफल नेतृत्व किया। इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र मिशन (अंगोला), सेना मुख्यालय और क्षमता विकास से जुड़े कई अहम पदों पर भी उन्होंने अपनी सेवाएं दी हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), DSSC वेलिंगटन और राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने जूनियर कमांड कोर्स में प्रथम स्थान हासिल किया और DSSC में बेस्ट ऑल राउंड स्टूडेंट ऑफिसर का सम्मान भी प्राप्त किया।
सेना में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), उत्तम युद्ध सेवा मेडल (UYSM) और अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी नियुक्ति को भारतीय सेना में मजबूत नेतृत्व और रणनीतिक अनुभव के नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।



















